बैतूल , मई 17 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में बढ़ते जल संकट के बीच नगर पालिका ने अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत अवैध कनेक्शन काटने के साथ जुर्माने की कार्रवाई भी की जा रही है।
नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार बिना जल शुल्क दिए पानी का उपयोग करने वाले लोगों के कारण वैध उपभोक्ताओं को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इसी को देखते हुए कार्रवाई तेज कर दी गई है।
नगर पालिका के रिकॉर्ड के अनुसार शहर में लगभग 18 हजार वैध नल कनेक्शन हैं, जिनसे हर माह जल शुल्क वसूला जाता है। इसके विपरीत बड़ी संख्या में लोग बिना अनुमति और बिना शुल्क के अवैध कनेक्शन लेकर पानी का उपयोग कर रहे हैं। कई स्थानों पर एक ही मकान में दो-दो अवैध कनेक्शन होने की संभावना भी जताई गई है।
सहायक यंत्री एवं जल शाखा प्रभारी नीरज धुर्वे ने बताया कि शहर के चार सुपरवाइजरों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिदिन कम से कम 10 अवैध कनेक्शन काटने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रकार प्रतिदिन 40 अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित सुपरवाइजर के वेतन से कटौती की जाएगी। अवैध कनेक्शन काटने के बाद संबंधित उपभोक्ताओं से बकाया राशि और निर्धारित शुल्क लेकर कनेक्शन को वैध किया जाएगा, जिससे नगर पालिका की आय में भी वृद्धि होगी।
इसी क्रम में शनिवार को गंज क्षेत्र में एक दुकानदार द्वारा अवैध नल कनेक्शन लेने की तैयारी का मामला सामने आया। नगर पालिका कर्मचारियों ने समय रहते कार्रवाई करते हुए प्रयास विफल कर दिया। इस मामले में दुकानदार अजय विश्वकर्मा पर 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित