सुकमा , दिसंबर 06 -- छत्तीसगढ में सुकमा जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने अवैध भंडारण और अवैध खरीदी के खिलाफ सख्ती तेज कर दी है।
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर छिंदगढ़ अनुविभागीय अधिकारी (रा.) प्रताप विजय खेस के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने पुसपाल में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों में अवैध धान जप्त किया है।
शनिवार की देर शाम जिला पीआरओ से मिली जानकारी के मुताबिक कार्रवाई के दौरान पुसपाल धान खरीदी केंद्र के पीछे किए गए निरीक्षण में दलाल (कोचिया) व्यापारी लक्ष्मीनाथ के कब्जे से 50 क्विंटल धान बरामद किया गया। इसी प्रकार व्यापारी अभिषेक गुप्ता से 280 क्विंटल अवैध धान जप्त किया गया। जांच टीम ने पाया कि कृषक गंगाराम ने व्यापारी से 20.4 क्विंटल धान गैर-कानूनी तरीके से खरीदा था, जिसे तत्काल जब्त कर कार्रवाई की गई। वहीं ग्रामीण तिर्ति चक्रधारी के बंद घर में अवैध धान भंडारित पाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने घर को आगामी आदेश तक सील कर दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था से छेड़छाड़, अवैध भंडारण और कोचियों की गतिविधियों पर सख्त निगरानी जारी रहेगी। किसानों के हितों की रक्षा और खरीदी प्रणाली की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कदम उठाए जाएंगे।
कार्रवाई में खाद्य निरीक्षक विक्रांत नायडू, आकाश भूतड़ा, टीआई आनंद टोप्पो, आरआई त्रिनाथ नाग और पटवारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध खरीदी या भंडारण की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित