नोएडा , जुलाई 22 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला औषधि विभाग, केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) और दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नोएडा सेक्टर-76 स्थित एक फ्लैट से लगभग 2.48 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध रूप से संग्रहित औषधियां बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

जिला औषधि निरीक्षक जयसिंह ने बुधवार को कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि संयुक्त टीम ने नोएडा सेक्टर-76, स्थित आम्रपाली प्रिंसली एस्टेट, रिहायशी सोसाइटी के फ्लैट संख्या जे-402 पर छापा मारा। जांच के दौरान फ्लैट में निवासी आनंद कुमार, बसंत लाल वर्णवाल और प्रीति मौजूद मिले। निरीक्षण में सामने आया कि फ्लैट का उपयोग बड़ी मात्रा में तैयार औषधियों के अवैध भंडारण के लिए किया जा रहा था।

छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी संख्या में गोलियां, कैप्सूल, इंजेक्शन, टीके, मानव एल्ब्यूमिन, इम्युनोग्लोबुलिन, रेबीज वैक्सीन, सर्पदंश एंटीसीरम आईपी सहित कई महत्वपूर्ण और उच्च मूल्य की जैविक औषधियां बरामद की गईं।

जांच में यह भी पाया गया कि कई दवाओं पर "सरकारी आपूर्ति, बिक्री के लिए नहीं" अंकित था, जिससे इनके अनधिकृत कब्जे और संभावित दुरुपयोग की आशंका जताई गई है। इसके अलावा जिन जीवनरक्षक औषधियों को दो से आठ डिग्री सेल्सियस के नियंत्रित तापमान पर रखा जाना आवश्यक था, उन्हें सामान्य कमरे के तापमान पर संग्रहित किया गया था, जिससे उनकी गुणवत्ता और प्रभावशीलता प्रभावित होने की संभावना है।

संयुक्त टीम द्वारा जब्त की गई दवाओं का कुल मूल्य दो करोड़ 48 लाख से अधिक रुपये (एमआरपी के आधार पर) आंका गया है। गुणवत्ता परीक्षण और विश्लेषण के लिए औषधि निरीक्षक द्वारा आठ औषधि उत्पादों के नमूने एकत्र किए गए हैं। वहीं, आयातित औषधियों के नमूने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीडीएससीओ उत्तर जोन, गाजियाबाद द्वारा अलग से लिए जाएंगे।

कार्रवाई के दौरान आनंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही जब्त की गई सभी औषधियों एवं अन्य संबंधित सामग्री को विधिक प्रक्रिया के तहत कब्जे में ले लिया गया है। मामले में अवैध दवा भंडारण, सरकारी आपूर्ति की दवाओं के दुरुपयोग और औषधि नियमों के उल्लंघन के संबंध में विस्तृत जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर अन्य संबंधित लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित