बैतूल , मई 15 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले की सारणी पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के मामले में 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। थाना सारणी में पूर्व में दर्ज अपराध क्रमांक 146/26 एवं 147/26 में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत बबलू धुर्वे और शेख फरीद को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच के दौरान सरवन परते उर्फ सरवन पिता फुलकर परते निवासी ढुमकाढाना घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आज सरवन परते को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि गांजा रामू उईके से खरीदा गया था। इसके बाद पुलिस ने रामू पिता भोदू उईके, उम्र 60 वर्ष, निवासी बगडोना को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक मनोज उईके और सुनील गौर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित