बड़वानी/खरगोन , अक्टूबर 03 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में वन भूमि पर बड़े पैमाने पर सामने आई अवैध गांजा खेती की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। वहीं, बड़वानी और खरगोन जिलों में वन विभाग ने कथित लापरवाही को लेकर अधिकारियों और बीट प्रहरियों को नोटिस जारी कर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।

खरगोन के पुलिस अधीक्षक रवीन्द्र वर्मा ने बताया कि चैनपुर थाना क्षेत्र में बड़ी संख्या में गांजे के पौधे मिलने के बाद एसआईटी गठित की गई है। दल आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ गांजा खेती के पीछे मुख्य लोगों की पहचान करने तथा पूरे नेटवर्क और आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने का काम करेगा। हाल ही में क्षेत्र में वन भूमि के दो स्थानों से करीब 60 क्विंटल गांजे के पौधे जब्त किए गए थे। मामले में नामजद चार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

खरगोन के वन मंडलाधिकारी रमेश राठौड़ ने बताया कि महाराष्ट्र सीमा से लगे क्षेत्रों में निगरानी के लिए चार रेंज अधिकारियों और 12 बीट प्रहरियों को नियमित गश्त करने, अवैध गांजा खेती की पहचान करने और तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से वन भूमि के पट्टे निरस्त करने संबंधी कोई पत्र अभी वन विभाग को प्राप्त नहीं हुआ है। पत्र मिलने पर विभाग प्रस्ताव तैयार कर कलेक्टर को भेजेगा।

इसी तरह बड़वानी जिले के सेंधवा वन मंडल के बलवाड़ी उपखंड के अनुविभागीय वन अधिकारी मुकेश मेरावी ने बताया कि वन मंडलाधिकारी आईएस गड़रिया ने चार डिप्टी रेंजर और आठ बीट प्रहरियों को नोटिस जारी किए हैं। उनसे पूछा गया है कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में गांजे के पौधे पाए जाने के बावजूद इसकी जानकारी उन्हें क्यों नहीं मिली। श्री मेरावी ने बताया कि सभी वन कर्मचारियों को वन क्षेत्रों में नियमित गश्त करने तथा गांजे की अवैध खेती पाए जाने पर तत्काल विभाग को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।

उधर, बड़वानी जिले के वरला थाना क्षेत्र में बड़ी मात्रा में गांजा जब्त किए जाने के मामलों में पुलिस ने कथित रूप से खेती में शामिल किसानों की पहचान की है। वरला थाना प्रभारी नारायण रावल के अनुसार इनमें टाकिया पानी निवासी कालू सिंह, ढोकलिया पानी निवासी मीचा और कमल सिंह, अदनदी निवासी वचन तथा सोनखेड़ी निवासी खेलजिया शामिल हैं।

बड़वानी के पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला ने बताया कि संबंधित लोगों के वन भूमि के पट्टे निरस्त करने की कार्रवाई शुरू करने के लिए पत्र भेजा गया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है तथा उनके कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और बैंक खातों की जानकारी की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित