नयागांव , दिसंबर 22 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रमुख विनीत जोशी ने सोमवार को मोहाली जिले के तहसील खरड़ स्थित ब्लॉक माजरीके खिजराबाद गांव में लंबे समय से जारी अवैध खनन की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि यह मामला अब केवल प्रशासनिक लापरवाही का नहीं, बल्कि सुनियोजित संरक्षण और आपराधिक शासन का प्रतीक बन चुका है।
श्री जोशी ने बताया कि 21 दिसंबर 2025 को उन्होंने उसी अवैध खनन स्थल का दोबारा निरीक्षण किया, जिसे वे आठ नवंबर 2025 को पहले ही उजागर कर चुके थे। उन्होंने कहा कि मोहाली खनन विभाग द्वारा अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किये जाने के बावजूद अवैध खनन न केवल जारी है, बल्कि उसका दायरा और अधिक बढ़ गया है। यह स्पष्ट करता है कि खनन माफिया पूरी बेखौफी और खुले संरक्षण के साथ काम कर रहा है।
श्री जोशी ने कहा कि उनके पास दोनों दौरों की दिनांक सहित तस्वीरें और वीडियो हैं, जो यह साबित करते हैं कि सरकारी कार्रवाई केवल कागज़ों तक सीमित है और ज़मीन पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
श्री जोशी ने सवाल उठाया कि जब यह मामला बार-बार उजागर हो चुका है और आधिकारिक रिकॉर्ड में भी दर्ज है, तो स्थानीय विधायक की चुप्पी का क्या अर्थ निकाला जाये। उन्होंने कहा कि यदि विधायक को इस अवैध गतिविधि की जानकारी नहीं है, तो यह गंभीर अक्षमता को दर्शाता है, और यदि जानकारी होने के बावजूद वे मौन हैं, तो यह कहीं अधिक गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने खुले तौर पर बताया है कि अवैध खनन को जारी रखने के लिए बड़ी मात्रा में धन का लेन-देन हो रहा है, जिससे चुप्पी और संरक्षण सुनिश्चित किया जाता है।
श्री जोशी ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारीया तो आंखें मूंदे हुए हैं या इस अवैध गतिविधि में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह साधारण लापरवाही नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी सरकार के तहत पनपा संस्थागत भ्रष्टाचार है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित