जालौन , सितंबर 27 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में अवैध खनन, उपखनिजों के अवैध परिवहन तथा ओवरलोडिंग के विरुद्ध प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है।
इसी क्रम में उपजिलाधिकारी कालपी विनय मौर्य, पुलिस क्षेत्राधिकारी कालपी, राजेश कमल खान अधिकारी/खान निरीक्षक जालौन तथा राजेश कुमार एआरटीओ जालौन की संयुक्त टीम ने मध्य रात्रि में उपखनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की।
अभियान के दौरान टीम ने कुल 23 वाहनों की जांच की। जांच में मौरम लदे दो वाहन बिना वैध परिवहन प्रपत्र के उपखनिज का परिवहन करते पाए गए। दोनों वाहनों के विरुद्ध ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की गई। वहीं, एक वाहन को थाना कदौरा मंडी की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
खनिज एवं परिवहन विभाग की कार्रवाई में दोनों वाहनों पर कुल 2.21 लाख रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार जुर्माने की धनराशि की नियमानुसार वसूली की जाएगी। जिला प्रशासन ने कहा कि अवैध खनन, उपखनिजों के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जनपद में खनिजों के परिवहन की नियमित निगरानी की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों तथा संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित