बैतूल , अप्रैल 27 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध खनन, परिवहन और अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में संबंधित विभागों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन या भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने खनिज, राजस्व, पुलिस और परिवहन विभाग को आपसी समन्वय से संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए इसके लिए स्थायी प्रोटोकॉल तैयार करने को कहा, ताकि कार्रवाई नियमित और प्रभावी रहे।

उन्होंने अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों और उनमें कोयले के अवैध उपयोग पर भी कार्रवाई करने को कहा गया।

वन विभाग से जुड़े लंबित अतिक्रमण और विस्थापन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण पर जोर दिया गया। भारतीय वन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई करने और वन ग्रामों से जुड़े दावे-आपत्तियों के मामलों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने बाल श्रम के मामलों को गंभीरता से लेते हुए श्रम और पुलिस विभाग को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित