मुरैना , अप्रैल 18 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में कलेक्टर के मार्गदर्शन में वन, खनिज, पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाकर व्यापक कार्रवाई की गई।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान अवैध खनिज से जुड़े 21 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि अवैध परिवहन के 100 मामलों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा अवैध भंडारण के 13 मामले सामने आए। कार्रवाई के दौरान कुल 76 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 5 वाहनों को विधिवत जब्त किया गया। अभियान में कुल 7 लाख 21 हजार 163 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया, जिसमें से 5 लाख 60 हजार 879 रुपये की वसूली की जा चुकी है।

पुलिस ने 12 मामलों में एफआईआर दर्ज कर 41 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। बिना नंबर प्लेट के 33 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 11 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि ओवरलोडिंग के एक मामले में 10 हजार रुपये का दंड लगाया गया। इस अभियान में 93 अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम शामिल रही। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित