लखीमपुर खीरी , जुलाई 10 -- जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के निर्देश पर लखीमपुर खीरी जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ खनन विभाग का अभियान लगातार जारी है।

माह जून 2026 के दौरान एम-चेक ऐप के माध्यम से करीब 300 वाहनों की जांच की गई, जिसमें अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए गए 62 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 18.95 लाख रुपये का राजस्व वसूला गया।

खनन विभाग के अनुसार गत वर्ष जून 2025 तक 78 वाहनों पर कार्रवाई की गई थी। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून 2026 तक कुल 110 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई कर 38.70 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया जा चुका है। विभाग की सख्त कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

जिला खनन अधिकारी आशीष सिंह ने शुक्रवार को बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर अवैध खनन और अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में साधारण बालू अथवा मिट्टी का अवैध खनन या परिवहन न करें।

उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध खनन या परिवहन करते पाए जाने पर संबंधित वाहन, चालक, वाहन स्वामी और भू-स्वामी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित