पौड़ी गढ़वाल,01अप्रेल(वार्ता) उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन सामग्री से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में अवैध खनन एवं तस्करी के विरुद्ध जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली कोटद्वार पुलिस टीम ने चौकी कलालघाटी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान वाहन ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जांच की।

जांच के दौरान वाहन में बजरी लदी पाई गई, लेकिन चालक द्वारा खनन सामग्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर पुलिस ने तत्काल प्रभाव से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पकड़ा गया चालक अमित कुमार, निवासी लोकमणिपुर, कोटद्वार क्षेत्र का रहने वाला है। मामले की रिपोर्ट अग्रिम कार्रवाई के लिए उपजिलाधिकारी कोटद्वार को भेज दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित