चित्तौड़गढ़ , फरवरी 17 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा उपखंड क्षेत्र में अवैध खनन कर रहे माफिया की मारपीट के बावजूद अपना कर्तव्य निर्वहन करने वाले पटवारी को मंगलवार को जिला कलेक्टर ने सम्मानित किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व निम्बाहेड़ा उपखण्ड के बांगेड़ा घाटा सर्किल पटवारी सुनील विश्नोई ने अन्य कार्य से जाते हुए रास्ते में अवैध खनन देखकर खनन कर रहे माफिया को टोका तो उनके साथ मारपीट की गई और मौका पर्चा भी फाड़ दिया था। कनेरा थाने पर शिकायत करने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को खनन मशीनों एवं अन्य वाहन के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पटवारी द्वारा बहादुरी से अपने कर्तव्य निर्वहन करने पर आज जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने उन्हें अपने कक्ष में बुलवाकर सम्मानित किया। जिला कलक्टर ने कहा कि उच्चाधिकारियों द्वारा सौंपे गए दायित्वों का जिस प्रकार संबंधित पटवारी ने निर्बाध रूप से, आपसी समन्वय और अपने उत्कृष्ट व्यक्तिगत गुणों के साथ निर्वहन किया है, वह जिले के समस्त राजस्व कार्मिकों के लिए प्रेरणास्रोत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित