ऊधमसिंह नगर , जून 09 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने मंगलवार को बड़ा अभियान चलाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देश पर बाजपुर सर्किल क्षेत्र में पुलिस, पीएसी और अर्द्धसैनिक बलों की संयुक्त टीमों ने विशेष सघन जांच की। अभियान के दौरान खनन क्षेत्रों, घाटों, जंगलों और प्रमुख मार्गों पर व्यापक स्तर पर जांच की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाजपुर थाना क्षेत्र में गौ घाट, प्रधान घाट, बाजार घाट समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया वहीं गदरपुर पुलिस ने गूलरभोज और मोहाली जंगल क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए विशेष चेकिंग की। केलाखेड़ा पुलिस ने मुख्य मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की तथा गश्त बढ़ाई।
अभियान के दौरान अर्द्धसैनिक बलों के साथ खनन क्षेत्रों में पैदल गश्त भी की गई। टीमों ने खनन सामग्री से भरे ट्रकों और डंपरों के रॉयल्टी दस्तावेजों समेत अन्य अभिलेखों की गहन जांच की।
जांच के दौरान सुल्तानपुर पट्टी चौकी क्षेत्र में करीब 40 से 45 वाहनों तथा बन्नाखेड़ा चौकी क्षेत्र में 25 वाहनों की जांच की गई। पुलिस के मुताबिक जांच में किसी भी वाहन में अवैध उपखनिज नहीं मिला तथा सभी वाहनों के पास वैध रॉयल्टी और आवश्यक दस्तावेज मौजूद पाए गए।
एसएसपी के अनुसार जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित