भीलवाड़ा , जनवरी 27 -- राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ जिला विशेष दल (डीएसटी) ने अचानक दबिश देकर बनास नदी क्षेत्र में सोमवार रात अवैध खनन करते 21 वाहनों को जब्त किया है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव के कड़े रुख के बाद भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी माधव उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष पुलिस दल योजना बनाकर सामान्य डम्परों में बैठकर बनास नदी के भीतर पहुंचा, ताकि माफियाओं को भनक न लगे। दल के अन्य सदस्यों ने नदी से बाहर निकलने वाले तमाम रास्तों की पहले ही घेराबंदी कर ली थी।

श्री उपाध्याय ने बताया कि इस सघन छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में मशीनें और वाहन जब्त किये गये। जहाजपुर थाना क्षेत्र में बनास नदी से तीन जेसीबी, तीन डम्पर और 10 ट्रैक्टर जब्त करके थाने लाये गये, जबकि पंडेर थाना क्षेत्र में दो जेसीबी और ती ट्रैक्टरों को जब्त किया गया।

पुलिस की इस अचानक कार्रवाई के दौरान अवैध खनन कर रहे आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित