गोपालगंज , सितंबर 09 -- िहार के गोपालगंज जिले के जनता दरबार में जिला पदाधिकारी को मिली शिकायत के आधार पर अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रेरणा सिंह ने आज बैकुंठपुर थाना के मीराटोला में स्थित विपिन कुमार गिरी की ओर संचालित कथित अवैध क्लिनिक का औचक निरीक्षण एवं जांच की।जांच के क्रम में पाया गया कि विपिन कुमार गिरी द्वारा बिना वैध निबंधन एवं आवश्यक चिकित्सीय योग्यता/डिग्री के मरीजों का उपचार किया जा रहा था। साथ ही उनके द्वारा औषधि दुकान का संचालन भी किया जाना पाया गया। निरीक्षण के दौरान क्लिनिक में एक महिला मरीज को आई.वी. के माध्यम से विभिन्न दवाएं दी जा रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रेरणा सिंह ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए महिला मरीज को आवश्यक चिकित्सीय उपचार के लिये प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बैकुंठपुर स्थानांतरित कराया।
अवैध रूप से क्लिनिक एवं औषधि दुकान का संचालन पाए जाने पर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी,बैकुंठपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक को उक्त क्लिनिक एवं औषधि दुकान को नियमानुसार तत्काल सील करने के लिये निर्देशित किया गया । मामले की गंभीरता को देखते हुए विपिन कुमार गिरी को तत्काल हिरासत में लेकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के लिये संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि बिना वैध चिकित्सीय योग्यता, निबंधन एवं आवश्यक अनुमति के चिकित्सा संस्थान अथवा औषधि दुकान का संचालन करने वालों के विरूद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित