भीलवाड़ा , मार्च 19 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बनेड़ा तहसील क्षेत्र में चरागाह तथा सरकारी भूमि को निगल रहे अवैध कोयला माफिया के खिलाफ गुरुवार को प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया।
बनेड़ा उपखंड अधिकारी श्रीकांत व्यास ने बताया कि उपखंड प्रशासन, राजस्व विभाग और पुलिस के संयुक्त दल ने भारी जाप्ते के साथ दबिश देकर 279 अवैध भट्टियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
उन्होंने बताया कि प्रशासनिक दल ने सुनियोजित रणनीति के तहत क्षेत्र के विभिन्न गांवों में अचानक धावा बोला। चरागाह भूमि पर अवैध रूप से संचालित इन कोयला भट्टियों को मौके पर चिन्हित किया गया और जेसीबी मशीनों की सहायता से तुरंत नष्ट कर दिया गया। किसी भी संभावित विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
श्री व्यास ने बताया कि करीब 25 गांवों में यह विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अलीनगर में सर्वाधिक 47 भट्टियां तोड़ी गईं। इसके अलावा खातन खेड़ी में 41, रायला में 24, मेघरास में 20, सरदार नगर में 14, भीमपुरा, डाबला एवं बामणिया में 11-11 और रूपाहेली खुर्द में 10 भट्टियों को ध्वस्त किया गया। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई ने क्षेत्र में सक्रिय अवैध कोयला माफिया की कमर तोड़ दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित