पटना , जनवरी 13 -- बिहार में पटना जिले के आलमगंज थाना क्षेत्र से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप के साथ चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के.शर्मा ने मंगलवार को बताया कि सोमवार की संध्या आलमगंज थाना क्षेत्र में ऑटो रिक्शा के माध्यम से प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की खेप लाई जाने की सूचना प्राप्त हुई। इस सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिटी-01 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने विस्कोमान गोलम्बर के समीप वाहन चेकिंग के क्रम में एक ऑटो रिक्शा को रोक कर उसकी तलाशी ली।
श्री शर्मा ने बताया कि तलाशी के दौरान ऑटो रिक्शा से कार्टन में रखी भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद की गयी। मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के क्रम में उनकी निशानदेही पर बजरंगपुरी पाटलीग्राम स्थित एक आवास से कार्टन में रखी गई कफ सिरप की खेप बरामद की गई तथा वहां से दो अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान 101 कार्टन में रखी 1491 लीटर कोडीन युक्त कफ सिरप, परिवहन में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा , एक स्कूटी तथा 77 हजार रूपया बरामद किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित