बैतूल , जून 25 -- मध्यप्रदेश में बैतूल शहर की अधिसूचित अवैध कॉलोनियों में विकास शुल्क वसूली और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति के आकलन के लिए नगर पालिका ने विशेष अभियान शुरू किया है। कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे के निर्देश पर प्रत्येक कॉलोनी में चार-चार दिन के विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश के बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने संबंधित अमले को शिविर आयोजित करने और कॉलोनियों का विस्तृत निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत नगर पालिका की टीमें कॉलोनियों में पहुंचकर कॉलोनाइजरों द्वारा किए गए विकास कार्यों तथा निर्धारित मापदंडों की जांच करेंगी।
निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक उपयोग के लिए छोड़ी गई भूमि, सड़क, नाली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता का परीक्षण किया जाएगा। किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित कॉलोनाइजर के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका का अमला कॉलोनियों के निवासियों से सीधे संपर्क कर विकास शुल्क जमा करने के लिए जागरूक करेगा। कर्मचारियों द्वारा घर-घर पहुंचकर नागरिकों को बताया जाएगा कि शुल्क जमा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास कार्य प्राथमिकता से कराए जा सकेंगे।
नगर पालिका का मानना है कि विकास शुल्क की प्राप्ति से अवैध कॉलोनियों में लंबे समय से लंबित आधारभूत सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी। इसी उद्देश्य से जागरूकता और निरीक्षण को साथ लेकर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित