चंडीगढ़ , मई 29 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने यमुनानगर में अवैध कॉलोनियों और भूमि रजिस्ट्री मामलों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये।
श्री विज ने जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में अवैध कॉलोनियों का पंजीकरण कराने वाले संबंधित रजिस्ट्रारों के खिलाफ मुकदमादर्ज करने को कहा। जगाधरी सेक्टर-17 में भूमि रजिस्ट्री मामले में नगर निगम के सहायक अभियंता दीपक सुखीजा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी के निर्देश भी दिये गये। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों के कारण सरकार को राजस्व हानि होती है और बाद में लोग बिजली-पानी जैसी सुविधाओं की मांग करते हैं।
बैठक में 15 शिकायतें रखी गयीं, जिनमें से सात का मौके पर समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को अगली बैठक तक निपटाने के निर्देश दिये गये। उन्होंने फसल नुकसान, अवैध कब्जे, गैस एजेंसी की कथित ब्लैक मार्केटिंग, प्रदूषण और सीवरेज जैसी शिकायतों पर भी अधिकारियों को कार्रवाईके निर्देश दिये। एक फैक्ट्री से फैल रहे प्रदूषण के मामले में जांच कर फैक्ट्री सील करने तक के आदेश दिये गये।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में श्री विज ने कहा कि जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक अब हर महीने के अंतिम शुक्रवार को आयोजित की जाएगी, ताकि फरियादियों और अधिकारियों को तय समय की जानकारी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित