भीलवाड़ा , मार्च 27 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले में अवैध रूप से संचालित हो रहे ऑटो एलपीजी पम्पों के विरुद्ध जिला प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के सख्त रुख के बाद रसद विभाग की टीम ने भदालीखेड़ा क्षेत्र में बिना किसी वैध दस्तावेज के धड़ल्ले से चल रहे एक अवैध ऑटो एलपीजी पम्प को सील कर दिया है।

जिला रसद अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर जब इस दल ने भदालीखेड़ा स्थित पम्प पर अचानक छापा मारा, तो वहां हड़कंप मच गया। मौके पर जांच के दौरान पम्प संचालन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज टीम के समक्ष पेश नहीं किये जा सके। जांच में पम्प संचालक बिजेंद्र सिंह द्वारा आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी) के प्रावधानों का खुला उल्लंघन पाया गया। सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर घनी आबादी और औद्योगिक क्षेत्र के समीप इस तरह अवैध गैस रिफिलिंग का खेल धड़ल्ले से चल रहा था, जो किसी भी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकता था। विभागीय दल ने तत्काल प्रभाव से मशीनरी और स्टॉक को अपने कब्जे में लेकर पम्प को सील कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित