धार , फरवरी 12 -- मध्यप्रदेश में धार जिला वन मंडल में अवैध वन अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन वाइल्ड ट्रैप-II के तहत वन विभाग ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में मिट्टी का अवैध उत्खनन करते ट्रैक्टर और लकड़ी से भरे एक आयशर वाहन को जब्त किया है।

वनमंडलाधिकारी विजयानंथम टी.आर. के मार्गदर्शन में पिछले एक सप्ताह के दौरान यह कार्रवाई की गई। 6 फरवरी को वन परिक्षेत्र सरदारपुर अंतर्गत वन भूमि से अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई करते हुए एक ट्रैक्टर पकड़ा गया। वाहन को जब्त कर सरदारपुर परिक्षेत्र कार्यालय में खड़ा किया गया है। इससे पूर्व कोटडाकला वन क्षेत्र में ईंट भट्टा संचालकों द्वारा किए जा रहे अवैध उत्खनन पर भी विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना वसूला था।

इसी क्रम में 10 फरवरी की रात मुखबिर से सूचना मिली कि एक आयशर वाहन में अवैध रूप से लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर टीम गठित कर रात करीब 2 बजे घेराबंदी कर लकड़ी से भरे वाहन को पकड़ा गया। वाहन को सुसारी रेंज कैंपस में सुरक्षित रखा गया है।

दोनों कार्रवाइयों का नेतृत्व रेंजर डॉ. शैलेन्द्र सोलंकी ने किया। कार्रवाई में सरदारपुर परिक्षेत्र की टीम के विक्रमसिंह निनामा, पत्तलसिंह भारती, मनीषपालसिंह राठौर, अर्जुन राठौर एवं अनिल हरोड के साथ कुक्षी टीम के देवके देवधे, नानुराम अलावे और सूरसिंह जमरा का योगदान रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित