बालोद/महासमुंद, मार्च 08 -- छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता द्वारा अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए प्रदेश के गृहमंत्री से इस्तीफे की मांग की है। वहीं रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बालोद और महासमुंद में प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताया।
रविवार को बालोद में आयोजित पत्रकारवार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने राजीव भवन में कहा कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार द्वारा करीब 9.50 एकड़ जमीन पर अवैध अफीम की खेती किए जाने का मामला बेहद गंभीर है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अवैध नशे के कारोबार को भाजपा सरकार का संरक्षण मिल रहा है।
हिरवानी ने कहा कि प्रदेश में नशीली दवाएं, प्रतिबंधित गोलियां और सूखा नशा गली-मोहल्लों में खुलेआम बिक रहा है और इसे नाबालिग बच्चों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले 13 महीनों में नारकोटिक्स के 2599 प्रकरण दर्ज हुए हैं, जिनमें से अधिकांश मामले सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आए हैं। उनका आरोप है कि सरकार का इंटेलिजेंस तंत्र और प्रशासन इस गंभीर मामले में मौन है और कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि 10 से 17 वर्ष तक के लाखों नाबालिग बच्चे सूखे नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं और सैकड़ों मौतें हो चुकी हैं, लेकिन सरकार इस समस्या को लेकर उदासीन बनी हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गुजरात का मुद्रा पोर्ट अवैध नशे के कारोबार का बड़ा केंद्र बन गया है, जहां से अफगानिस्तान और पाकिस्तान के रास्ते ड्रग्स देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंच रहा है।
वहीं बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने केंद्र सरकार द्वारा 7 मार्च से घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपए की बढ़ोतरी का विरोध किया। उन्होंने कहा कि बालोद में जो घरेलू गैस सिलेंडर पहले 945 रुपये में मिलता था, उसकी कीमत बढ़कर 1005 रुपये हो गई है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले दिनों में डीजल और पेट्रोल की कीमतों में भी वृद्धि हो सकती है, जिससे महंगाई और बढ़ेगी। बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित