सिवनी , अक्टूबर 22 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिला पंचायत अध्यक्ष मालती मुकेश डहेरिया के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव गुरुवार को मतदान में विफल हो गया। कलेक्टर नेहा मीना की अध्यक्षता में आयोजित सम्मिलन में प्रस्ताव के विरोध में 12 और समर्थन में सात मत पड़े। निर्धारित वैधानिक बहुमत नहीं मिलने से मालती डहेरिया जिला पंचायत अध्यक्ष बनी रहेंगी।
जिला पंचायत में कुल 19 निर्वाचित सदस्य हैं। उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर को 16 सदस्यों ने जबलपुर संभाग आयुक्त के समक्ष अविश्वास प्रस्ताव लाने के संबंध में शपथ पत्र प्रस्तुत किए थे। मतदान के परिणाम के बाद जिले में राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक हलकों में कांग्रेस समर्थित सदस्यों के बीच क्रॉस वोटिंग होने की चर्चा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित