पणजी , जुलाई 24 -- ओलंपियन अल्वारो रोब्लेस के शानदार प्रदर्शन की बदौलत डेम्पो गोवा चैलेंजर्स ने शुक्रवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में पूर्व चैंपियन दबंग दिल्ली टीटीसी को 8-2 से हराकर बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन-7, के फाइनल में जगह बना ली। स्पेन के रोब्लेस ने पुरुष एकल और मिश्रित युगल दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज कर गोवा की अपराजित लय को बरकरार रखा और टीम को खिताब से सिर्फ एक जीत दूर पहुंचा दिया।

गोवा ने मुकाबले की शुरुआत से ही दबदबा बनाया और शुरुआती बढ़त हासिल करने के बाद चौथे मैच में जीत सुनिश्चित कर ली। हालांकि मारिया शियाओ ने बर्नाडेट स्ज़ोक्स के खिलाफ वापसी करते हुए दिल्ली की ओर से एकमात्र जीत दिलाई, लेकिन इसके बाद रोब्लेस और युवा खिलाड़ी सिंड्रेला दास ने मिश्रित युगल में शानदार प्रदर्शन कर गोवा को जीत के करीब पहुंचा दिया। अंत में अभिनंध पी.बी. ने दिल्ली के कप्तान सत्यन ज्ञानशेखरन को हराकर टीम की फाइनल में जगह पक्की कर दी।

रोब्लेस ने पहले मैच में यूसेफ अब्देलअज़ीज़ को सीधे गेमों में हराकर गोवा को शानदार शुरुआत दिलाई। पहले दो गेम आसानी से जीतने के बाद उन्होंने तीसरे गेम में 7-10 से पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए मुकाबला 3-0 से अपने नाम किया और टीम को 3-0 की बढ़त दिला दी।

दिल्ली ने इसके बाद मारिया शियाओ के जरिए वापसी की। पहले गेम में करीबी हार झेलने के बाद उन्होंने बर्नाडेट स्ज़ोक्स के खिलाफ अगले दोनों गेम जीतकर अंतर कम किया। लेकिन रोब्लेस और सिंड्रेला दास की जोड़ी ने मिश्रित युगल में सत्यन ज्ञानशेखरन और मारिया शियाओ को सीधे गेमों में हराकर गोवा को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित