अल्मोड़ा , मई 20 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा में पुलिस ने 24 घंटे में दूसरी बड़ी कार्यवाही करते हुए गांजा की बड़ी खेप के साथ दो और तस्करों को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सल्ट थाना पुलिस और विशेष अभियान समूह (एसओजी) की ओर से मंगलवार शाम को सल्ट के कठपतिया तिराहा पर वाहनों की सघन जांच के लिए अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान मोटरसाइकिल संख्या पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। दो बैग से 17.480 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल रावत (30) निवासी ग्राम टेड़ा थाना रामनगर तथा गौरव रावत (28) निवासी रिवाली रणथमवल थाना सल्ट जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सल्ट में मादक द्रव्य अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 8, 20 और 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही रही है।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को भी अल्मोड़ा के देघाट में पुलिस ने 24 घंटे पहले 54 किलो से अधिक गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। दोनों तस्कर रामनगर के रहने वाले हैं और दोनों लग्जरी फार्च्यूनर कार से 13.61 लाख रुपए मूल्य के गांजा की तस्करी कर रहे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित