अल्मोड़ा , अप्रैल 19 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा में पुलिस ने अनियमितताओं के चलते दो स्पा सेंटरों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के अनुसार आपरेशन प्रहार के तहत शहर में होटलों, रेस्टोरेंट के साथ ही स्पा सेंटरों की लगातार जांच की जा रही है। इसी क्रम में अल्मोड़ा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रमेश बोला के नेतृत्व में स्पा सेंटरों की गहन जांच की गई।

इस दौरान सेवन हैवन स्पा और ब्ल्यू स्काई रिलेक्स स्पा में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इन स्पा सेंटरों में ग्राहकों का कोई रिकॉर्ड नहीं रखा जा रहा था और न ही उनसे पहचान पत्र लिया जा रहा था। इसके अलावा कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन भी नहीं पाया गया।

दोनों स्पा सेंटरों के प्रबंधकों नेहा मिश्रा और वीरेंद्र सिंह के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत पांच-पांच हजार रुपये का चालान किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित