अल्मोड़ा , जून 29 -- उत्तराखंड में अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब छह लोगों को लेकर जा रही एक अल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 20 से 25 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में गंभीर रुप से घायल दो लोगों को एयर एंबुलेंस से हल्द्वानी रेफर किया गया है। हादसा ग्राम बलिया-बैगनिया रोड पर हुआ।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त सभी लोग कार से ग्राम विशौद बैगनिया से अपने गांव बलिया लौट रहे थे। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक पुलिस टीम और रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी को खाई से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को पहले जिला अस्पताल अल्मोड़ा रैफर कर दिया लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को एयर एंबुलेंस से हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
हादसे में राजेन्द्र सिंह बिलवाल (40), जगदीश सिंह (35), लछम सिंह (56) तथा पान सिंह (55) निवासीगण ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा, जिला अल्मोड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गोपाल सिंह (45) और सचिन सिंह बिलवाल (18) दोनों निवासीगण ग्राम बलिया दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। एक साथ चार लोगों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित