अल्मोड़ा , मई 07 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के भतरौजखान में गुरुवार को सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। एक की शिनाख्त नहीं हो पायी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा भाटिया-भिकियासैंण मार्ग पर हुआ, जहां एक वाहन गहरी खाई में जा गिरा। आज सुबह डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि भाटिया भिकियासैंण के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ है।

वाहन संख्या यूके 04एफ6683 की नंबर प्लेट सड़क पर पड़ी हुई है तथा एक व्यक्ति घायल अवस्था में दिखाई दे रहा है। मौके पर वाहन नहीं दिखने पर उसके खाई में गिरने की आशंका जताई गयी।

सूचना मिलते ही थाना भतरौजखान पुलिस, 108 आपातकालीन सेवा, आपदा प्रबंधन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। तत्काल राहत और बचाव कार्य चलाया गया। राजस्व विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गयी।

वाहन लगभग 150 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ मिला। भतरौजखान पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान भुवन निवासी ग्राम सनेटी, तहसील रानीखेत तथा कैलाश चंद्र निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत (32) के रूप में हुई है।

तीसरे की शिनाख्त नहीं हो पायी है। बताया जा रहा है कि तीनों व्यक्ति जागर लगाने का काम करते थे और मंगलवार रात ग्राम चमोली पुसैला में जागर कार्यक्रम संपन्न करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान यह दुर्घटना घटी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित