अल्मोड़ा , जनवरी 31 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा के धौलछीना में शनिवार शाम को एक स्कार्पियो वाहन के खाई में गिरने से दिल्ली के दो लोगों की दर्दनाक मौत हो जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को अल्मोड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अल्मोड़ा पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना धौलछीना के सेराघाट के कसाण बैंड के पास पर घटी है। बताया जा रहा है कि स्कार्पियो वाहन संख्या डीएल 3 सीसीजेड 8690 अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 20 मीटर नीचे जा गिरी।

थानाध्यक्ष धौलछीना सुनील कुमार बिष्ट मय पुलिस टीम के मौके पर पहुंचे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ राहत और बचाव कार्य चलाया।

बताया जा रहा है कि वाहन में 03 लोग सवार थे जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी को बाहर निकाला गया।

मृतकों में प्रणब रॉय और शुभी राय निवासीगण मंगलपुरी, महरौली, नई दिल्ली शामिल हैं जबकि गंभीर रूप से घायल सिद्धार्थ राय को अल्मोड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस को आशंका है कि है कि तेज रफ्तार के चलते वाहन चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा है और इसलिए यह दुर्घटना घटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित