अल्मोड़ा , अक्टूबर 10 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की भतरौजखान पुलिस ने विशेष अभियान समूह (एसओजी) के साथ मिलकर लाखों रुपए मूल्य के गांजा के साथ तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6.31 लाख रुपये बताई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन" के तहत नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार रात को थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में जैनल से देघाट जाने वाले मार्ग पर जांच अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोगों को रोक कर जांच की गई। उनके पास से दो पिट्ठू बैगों और एक थैले से कुल 25.240 किलोग्राम गांजा और दो धारदार पाटल बरामद हुए। पुलिस टीम की ओर से रुकने का इशारा करने पर आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर पाटल से हमला कर दिया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। पुलिस ने बल प्रयोग कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया। इसी दौरान एक आरोपी अंधेरे का लाभ उठा कर फरार होने में कामयाब हो गया।

गिरफ्तार आरोपियों में मुख्तयार सिंह (52) निवासी थारी, थाना रामनगर, नैनीताल, गुरमीत सिंह (36) निवासी गौवरा, थाना बाजपुर, ऊधम सिंह नगर और जसवन्त सिंह (50) निवासी इटव्वा, थाना बाजपुर, ऊधम सिंह नगर शामिल हैं। फरार आरोपी की पहचान जगदीश सिंह निवासी गौवरा, थाना बाजपुर, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। उसकी तलाश जारी है।

आरोपियों के खिलाफ थाना भतरौजखान में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5), 109(1), 121(1), 132, शस्त्र अधिनियम की धारा 4/25 और मादक द्रव्य अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 8/20/60 के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। पुलिस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि जसवन्त सिंह के विरुद्ध रामनगर, बाजपुर और कालाढूंगी थानों में आबकारी अधिनियम, बीएनएस और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में पांच मुकदमे दर्ज हैं जबकि गुरमीत सिंह के खिलाफ रामनगर और बाजपुर थानों में आबकारी अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और आईपीसी की धाराओं में पांच मुकदमे दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित