अल्मोड़ा , अक्टूबर 09 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा में जिला योजना समिति के 20 सदस्यों के निर्वाचन की सार्वजनिक सूचना जारी कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 अक्टूबर को नामांकन, 13 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच और 14 अक्टूबर को नाम वापसी होगी। आवश्यक होने पर 16 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे और उसी दिन मतदान समाप्ति के बाद मतगणना होगी।

जिला मजिस्ट्रेट एवं निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह द्वारा जारी सूचना के अनुसार जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्य अपने में से 18 सदस्यों को चुनेंगे। नगरीय निकायों के निर्वाचित सदस्य दो सदस्यों को चुनेंगे, जिनमें नगर निगम अल्मोड़ा से एक सदस्य तथा नगर पालिका परिषद रानीखेत-चिलियानौला, नगर पंचायत द्वाराहाट, भिकियासैंण और चौखुटिया से सामूहिक रूप से एक सदस्य शामिल है।

राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के साथ नौ अक्टूबर से चुनाव संपन्न होने तक आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। इस दौरान निर्वाचित सदस्यों और उम्मीदवारों को आदर्श आचार संहिता का अनुपालन करना होगा।

इस अवधि में नई योजनाओं की घोषणाएं और वित्तीय स्वीकृतियां या नई योजनाएं घोषित नहीं होंगी। पूर्व स्वीकृत और चालू योजनाओं, केन्द्र सरकार की गरीबी उन्मूलन, रोजगार, आवास और किसान हितैषी योजनाओं पर कोई रोक नहीं होगी। दैवीय आपदा, पुनर्वास और आवश्यक सेवाओं से जुड़े कार्य भी प्रतिबंधों से मुक्त रहेंगे। आचार संहिता निर्वाचकों, उम्मीदवारों और कार्मिकों पर समान रूप से लागू होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित