अल्मोड़ा , अक्टूबर 08 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद चुनाव नामावली में छूटे पात्र मतदाताओं के पंजीकरण के लिए सभी मतदान केंद्रों पर गुरुवार (08 अक्टूबर) से तीन दिवसीय विशेष अभियान शुरू हो गया। यह अभियान 10 अक्टूबर तक चलेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के तहत मतदान केंद्रों पर बीएलओ ने वर्तमान निर्वाचक नामावली का पूर्व की नामावली से मिलान कर छूटे हुए मतदाताओं को चिह्नित करने की कार्यवाही की। इस दौरान पात्र मतदाताओं को पंजीकरण संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई गई। साथ ही पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को भी पंजीकरण के लिए जागरूक किया गया।
बताया जा रहा है कि विशेष शिविरों के बाद 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ घर-घर जाकर चिह्नित मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। पात्र पाए जाने पर फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराया जाएगा।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह के अनुसार अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित