अल्मोड़ा , अप्रैल 28 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सल्ट पुलिस और विशेष अभियान समूह (एसओजी) टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 2.59 लाख रुपये आंकी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंद्रशेखर घोड़के के अनुसार "ड्रग्स फ्री देवभूमि" मिशन के तहत नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में "ऑपरेशन प्रहार" के तहत सोमवार को थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया जा रहा था।

इस दौरान कठपतिया तिराहा पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल यूके 19-बी-3163 को रोक कर तलाशी ली गई। जांच में मोटरसाइकिल सवार रवि धौलाखण्डी (30) निवासी भिकियासैंण, अल्मोड़ा के कब्जे से 10.380 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर थाना सल्ट में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही मोटरसाइकिल को जब्त कर दिया है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी गांजा ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। पुलिस अब गांजा तस्करी के नेटवर्क और इसके स्रोतों की जांच में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित