अल्मोड़ा , जून 04 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में गुरुवार को एक कार के गहरी खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा धौलछीना थाना क्षेत्र में कांचुला पुल के समीप हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

पुलिस के अनुसार कार अल्मोड़ा के बाड़ेछीना से पिथौरागढ के नाचनी की ओर जा रही थी। दोपहर करीब दो बजे कांचुला पुल के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में तीन लोग सवार थे।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही धौलछीना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। हादसे में मरने वाले की पहचान कांग्रेस नेता कुंदन सिंह बथियाल (70) के रूप में हुयी है जो पिथौरागढ़ जिला के नाचनी के रहने वाले हैं। गंभीर रूप से घायलों में गणेश कुमार (32) तथा भूपेंद्र प्रसाद (25) हैं। दोनों पिथौरागढ़ जिले के नाचनी के रहने वाले हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाड़ेछीना ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेस अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित