तिराना , अक्टूबर 24 -- अल्बानिया में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी और उसके समर्थकों ने शनिवार को राजधानी तिराना में प्रधानमंत्री एदी रामा के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार की ओर से संवाद के प्रतीक के रूप में रखे गए कुशनों को आग लगा दी। इस बीच, छात्रों का विरोध प्रदर्शन 12वें दिन में प्रवेश कर गया।

अल्बानिया के सरकारी मीडिया के अनुसार, फ्लामुर नोका और क्लेविस बालियू सहित विपक्षी सांसद पार्टी मुख्यालय से समर्थकों के साथ देशमोरत ए कोम्बित बुलेवार्ड होते हुए सरकारी भवन की ओर मार्च में शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने उन कुशनों में आग लगा दी, जिन्हें प्रधानमंत्री रामा ने छात्रों के साथ संवाद के निमंत्रण के प्रतीक के रूप में एक मेज पर रखा था। प्रदर्शनकारियों ने सरकार की इस पहल को अपनी मांगों का समाधान करने के प्रस्तावित तरीके के रूप में स्वीकार करने से इनकार कर दिया।

विपक्ष का प्रदर्शन करीब 90 मिनट तक चला। इसके बाद प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्रालय की ओर बढ़े, जहां छात्रों ने स्थानीय समयानुसार दोपहर दो बजे अलग प्रदर्शन का आह्वान किया था। स्थानीय मीडिया के अनुसार, विश्वविद्यालयों के शिक्षक भी प्रदर्शन में शामिल होने वाले थे।

राजधानी में छात्रों के अलग प्रदर्शन के बीच तनाव बढ़ने पर पुलिस ने शिक्षा मंत्रालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। सोशल मीडिया पर छात्रों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील किए जाने के बाद वहां वाटर कैनन और त्वरित हस्तक्षेप बलों की टुकड़ियां तैनात की गईं। प्रधानमंत्री रामा ने बढ़ते जन-असंतोष को स्वीकार करते हुए कहा कि सरकार प्रदर्शनकारियों की चिंताओं पर प्रतिक्रिया देगी।

उन्होंने कहा, "कुछ घंटों या दिनों के भीतर हम इस बात पर अपनी समग्र प्रतिक्रिया पेश करेंगे कि समाज का एक बड़ा वर्ग क्या संदेश देने की कोशिश कर रहा है।" उन्होंने कहा कि प्रदर्शनों को मिल रहा जनसमर्थन दर्शाता है कि लोग सरकार से अपनी चिंताओं के प्रति अधिक संवेदनशील होने की अपेक्षा रखते हैं।

श्री रामा ने हिंसा के खिलाफ भी चेतावनी दी और कहा कि अशांति को बढ़ावा देने या उसमें शामिल होने वालों के खिलाफ सरकार लगातार कार्रवाई करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित