प्रतापगढ़ , अक्टूबर 12 -- उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य मोहम्मद असलम ने लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में अल्पसंख्यक समाज के कल्याण के लिए केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया था।

सोमवार को निर्धारित बैठक में संबंधित अधिकारियों के उपस्थित न होने के कारण बैठक आयोजित नहीं हो सकी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भी अनुपस्थित रहे तथा कार्यक्रम की सूचना किसी अन्य संबंधित अधिकारी को भी उपलब्ध नहीं कराई गई जिस पर अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य ने बैठक में अनुपस्थित जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

आयोग के सदस्य ने अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के कर्मचारियों से विभागीय योजनाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करनी चाही, लेकिन कर्मचारी भी अपेक्षित एवं सम्पूर्ण जानकारी उपलब्ध नहीं करा सके। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि 15 अक्टूबर तक अल्पसंख्यक विभाग से संबंधित सभी योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई तो वैधानिक कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र प्रेषित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित