नयी दिल्ली , सितंबर 02 -- आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट अपने लॉजिस्टिक्स बेड़े में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की संख्या बढ़ाकर 600 से अधिक करेगी।

कंपनी ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उसने इसके लिए दिसंबर 2026 तक का लक्ष्य रखा है। उसने टाटा मोटर्स, अशोक लेलैंड, आईपीएलटेक, एनर्जी इन मोशन और सैनी जैसी प्रमुख ईवी प्राइम मूवर बनाने वाली कंपनियों के साथ-साथ उनकी सहायक कंपनियों और अन्य थर्ड-पार्टी लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाताओं के साथ सेवा अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए हैं।

इन ईवी ट्रकों का इस्तेमाल हर साल गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और ओडिशा में लगभग 50 लाख टन क्लिंकर और अन्य जरूरी सामानों की ढुलाई में किया जायेगा। पूरी तरह से चालू होने पर 600 से अधिक ईवी ट्रकों का यह बेड़ा हर साल 1,17,000 टन से अधिक कार्बन डाई-ऑक्साइड उत्सर्जन कम करने में मदद करेगा। इससे सालाना 3.9 करोड़ लीटर डीजल की खपत कम होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित