अलीराजपुर , अक्टूबर 12 -- मध्यप्रदेश में अलीराजपुर पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 1,913 पेटी और 16,712 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल सीमेंट कंटेनर और ट्रक सहित कुल दो करोड़ 17 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया के निर्देशन में थाना चांदपुर और थाना उदयगढ़ पुलिस ने की।
पुलिस के अनुसार, चांदपुर पुलिस को राजस्थान पंजीयन वाले सीमेंट कंटेनर से अवैध शराब ले जाए जाने की सूचना मिली थी। खंडवा-बड़ौदा राजमार्ग पर वाहन रोककर तलाशी लेने पर उसमें से 1,426 पेटी और 12,505 बल्क लीटर शराब बरामद हुई। कंटेनर सहित इस कार्रवाई में करीब एक करोड़ 62 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। मामले में राजस्थान के बाड़मेर जिले के सेड़वा तहसील क्षेत्र के ग्राम बमरला निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, शराब पंजाब-हरियाणा सीमा के नरवाना क्षेत्र से लोड कर राजस्थान के विभिन्न शहरों और मध्यप्रदेश के नीमच, मंदसौर, रतलाम, धार, मांगोद, मनावर तथा कुक्षी होते हुए गुजरात के बड़ौदा ले जाई जा रही थी। पुलिस शराब के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
एक अन्य कार्रवाई में उदयगढ़ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम तलावद की ओर से आ रहे ट्रक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ट्रक को ग्राम जवानिया के तालाब के पास छोड़कर फरार हो गया। तलाशी में ट्रक से छिपाकर रखी गई 487 पेटी और 4,207 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद हुई। ट्रक सहित इस मामले में करीब 54 लाख 97 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस द्वारा दोनों मामलों में शराब की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है। मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित