लखनऊ , जून 23 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को अलीगंज कोचिंग सेंटर अग्निकांड को हृदय विदारक बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना से वे ही नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सब दुखी हैं। दोषियों को बख़्शा नहीं जाएगा ।
उप मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, "दुर्घटना हृदय विदारक थी। जांच के आदेश दिये गये हैं। दोषी अधिकारियों पर कार्यवाही होगी।" उन्होंने बताया कि सरकार ऐसे समस्त संस्थानों और स्थानों का चिन्हांकन करेगी जहां फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी हो रही है।
केशव मौर्य ने कहा, "हमारी कोशिश है कि इस प्रकार की दुर्घटना प्रदेश ही नहीं अपितु देश में कहीं न हो।" उन्होंने बताया कि हादसे के बाद उन्होंने अपना अयोध्या कार्यक्रम भी निरस्त कर दिया था। दुखी परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा, "दुखी परिवारों को प्रभु श्रीराम इस दुख की घड़ी को सहने की शक्ति प्रदान करें।"गौरतलब है कि सोमवार को अलीगंज के सेक्टर-डी स्थित कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 लोगों की मौत हुई थी और 9 घायल हुए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की जांच के लिए एसीएस अमृत अभिजात और एडीजी प्रवीण कुमार की एसआईटी गठित की है। अब तक बिल्डिंग मालिक समेत 4 आरोपी गिरफ्तार और 4 अफसर सस्पेंड हो चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित