तिरुपति , अगस्त 16 -- तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने नियमों का उल्लंघन कर अलिपिरी पैदल मार्ग पर धूम्रपान करते पाये गये एक व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने का निर्णय लिया है।
रविवार को जारी विज्ञप्ति में टीटीडी ने कहा कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी जायेगी और उचित कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
टीटीडी के नियमों के अनुसार तिरुमला, अलिपिरी, श्रीवारी मेट्टू और टीटीडी के अधिकार क्षेत्र में आने वाले अन्य क्षेत्रों में शराब का सेवन, धूम्रपान, नशीले पदार्थों का उपयोग और गुटखा पूरी तरह से प्रतिबंधित है।
टीटीडी ने कहा कि पवित्र पैदल मार्ग पर धूम्रपान करना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे श्रद्धालुओं की भावनाएं भी आहत हुई हैं।
मंदिर प्रशासन ने दोहराया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
इसके साथ ही चेतावनी भी दी कि जांच प्रक्रिया और चेकिंग में लापरवाही बरतने वाले सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित