चंडीगढ़ , जुलाई 25 -- हरियाणा के कृषि, किसान कल्याण, मत्स्य पालन एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने यमुनानगर के रादौर विधानसभा क्षेत्र के अलहर गांव में 5.63 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) की आधारशिला रखी।

करीब 1.5 एकड़ में बनने वाले इस केंद्र से अलहर सहित आसपास के गांवों के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य लोगों को घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि इलाज के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार स्वास्थ्य ढांचे को लगातार मजबूत कर रही है और नये अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का आह्वान किया।

श्री राणा ने भरोसा दिलाया कि रादौर क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी और सभी परियोजनाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी होंगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए कार्य कर रही है। इस दौरान अलहर के सरपंच रजत कंबोज ने विकास संबंधी मांगें रखीं, जिन पर मंत्री ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित