अलवर , मई 15 -- राजस्थान के अलवर में केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्वनी वैष्णव के आने के कार्यक्रम के मद्देनजर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बुधवार को नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की।
निगम के दल जेसीबी मशीनों और पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और वहां सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय दुकानदारों द्वारा लगाए गए थड़े, अस्थायी ढांचे और बाहर तक फैला सामान जेसीबी की मदद से हटाया गया।
नगर निगम का दल जैसे ही रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के बाजार क्षेत्र में पहुंचा, वहां मौजूद दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने कार्रवाई से बचने के लिए अपना सामान खुद हटाना शुरू कर दिया, जबकि निगम के दल ने सख्ती दिखाते हुए सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को पूरी तरह साफ कर दिया।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम अधिकारी निशा लखानी ने बताया कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र में लगातार अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। आमजन और यात्रियों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि निगम की ओर से पहले भी संबंधित दुकानदारों और अतिक्रमण करने वालों को कई बार चेतावनी दी गई थी। नोटिस जारी करके अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद लोगों ने अवैध कब्जे नहीं हटाए।
निशा लखानी ने कहा कि रेलवे स्टेशन शहर का सबसे व्यस्त इलाका है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्रियों की आवाजाही रहती है। अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो रही थीं और हर समय जाम की स्थिति बनी रहती थी। यही कारण रहा कि नगर निगम को यह अभियान चलाना पड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित