अलवर , सितम्बर 29 -- राजस्थान में एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण के मद्देनजर परिवहन विभाग ने एक जनवरी 2027 से एनसीआर क्षेत्र में डीजल ऑटो रिक्शा के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

परिवहन विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों की अनुपालना में डीजल ऑटो को इस वर्ष 31 दिसंबर तक हर हाल में प्रचलन से बाहर करना होगा। इसके बाद एनसीआर में केवल सीएनजी या इलेक्ट्रिक ईंधन से चलने वाले ऑटो रिक्शा ही संचालित किये जा सकेंगे।

प्रादेशिक परिवहन कार्यालय अलवर के क्षेत्राधिकार में वर्तमान में 583 डीजल ऑटो रिक्शा पंजीकृत हैं। परिवहन विभाग की ओर से इन वाहन मालिकों को नोटिस जारी किये जा रहे हैं। वाहन मालिकों को 31 दिसंबर से पहले अपने डीजल ऑटो को सीएनजी या इलेक्ट्रिक वाहन में बदलने के लिए सूचित किया जा रहा है।

परिवहन विभाग ने मंगलवार को अलवर के मंडी मोड़ ऑटो स्टैंड पर पहुंचकर ऑटो संचालकों को नये नियमों की जानकारी दी। विभाग ने स्पष्ट किया कि 31 दिसंबर 2026 तक डीजल ऑटो को कार्यालय के क्षेत्राधिकार से बाहर करना होगा। वहीं एक जनवरी 2027 से कोई डीजल ऑटो संचालित मिला तो उसके खिलाफ नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित