अलवर , सितम्बर 30 -- राजस्थान में अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में पुलिस ने करीब 35 लाख रुपए कीमत की दवाइयों से भरा लापता ट्रक माल सहित महज 12 घंटे के भीतर बरामद कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रक को आरोपियों ने जंगल में सुनसान जगह पर छुपाकर रखा था। मामले में वाहन मालिक और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि 17 सितम्बर को सुनिल हेल्थ केयर (कैप्सूल फैक्ट्री) से करीब 35 लाख रुपए कीमत की 182 पेटियां ट्रांसपोर्टर अजय यादव के ट्रक में लादी गयी थीं। इन पेटियों में कुल 294 लाख 50 हजार कैप्सूल थे। दवाइयों की यह खेप चालक रोहिताश के जरिए विभिन्न दवा निर्माता कंपनियों को आपूर्ति के लिए महीपालपुर, हरियाणा भेजी गयी थी, लेकिन ट्रक निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचा और रास्ते में ही लापता हो गया। दवा से भरे ट्रक के लापता होने की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके ट्रक की तलाश शुरु कर दी। मुखबिर और तकनीकी मदद से पुलिस दल ने मामला दर्ज होने के महज 12 घंटे के भीतर ट्रक को मय दवाइयों के बरामद कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने ट्रक को जंगल में एक सुनसान स्थान पर छिपाकर रखा था, ताकि वह किसी की नजर में नहीं आये। पुलिस ने ट्रक के साथ उसमें लदा पूरा माल भी बरामद कर लिया है। वाहन चालक और ट्रक मालिक की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित