अलवर , अगस्त 09 -- राजस्थान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता गौरव उत्सव समिति की ओर से 15 अगस्त को शाम साढ़े छह बजे शहीद स्मारक पर भव्य स्वतंत्रता गौरव उत्सव का आयोजन किया जाएगा।
समिति के अध्यक्ष गौरीशंकर विजयवर्गीय ने शनिवार को बताया कि इस दौरान शहीद स्मारक पर 11 हजार दीपक जलाकर देश की सीमाओं पर रक्षा करने वाले सैनिकों और शहीदों को नमन किया जाएगा। कार्यक्रम में सैनिकों एवं वीरांगनाओं का सम्मान भी किया जाएगा। साथ ही स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
श्री विजयवर्गीय ने बताया कि 15 अगस्त 2016 को पहली बार अलवर में शुरू हुआ यह आयोजन अब देश के सात राज्यों और 13 सैनिक छावनियों तक पहुंच चुका है। इस वर्ष के आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। देश के प्रधानमंत्री और सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र भेजकर इस मुहिम को आगे बढ़ाने का आग्रह किया गया है। अलवर जिले के प्रमुख व्यापारी, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के साथ सभी राजनीतिक दलों के प्रमुख प्रतिनिधियों और विद्यालय महाविद्यालयों को भी आयोजन में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने बताया कि 10 से 14 अगस्त तक स्कूली विद्यार्थियों की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों में रैलियां निकाली जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित