अलवर , मार्च 02 -- राजस्थान के अलवर जिले में होली एवं धुलंडी के पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में कराने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह सजग है।
कानून-व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से जिलेभर में 500 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, होमगार्ड एवं राजस्थान सशस्त्र बल (आरएसी) के जवान तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही शहर में हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अलवर पुलिस की 'तीसरी आंख' अभय कमांड सेंटर के सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शरण कांबले ने सोमवार को बताया कि दो और तीन मार्च को होली एवं धुलेंडी का पर्व जिलेवासी हर्षोल्लास से मना सकें, इसके लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं। जिले के सभी संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
आज सुबह से ही जिले के सुरक्षा नाकों पर पुलिस जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है। होली के दौरान अशांति फैलाने, हुड़दंग, उत्पात या माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक सूचनाओं को रोकने के लिए पुलिस का सोशल मीडिया प्रकोष्ठ लगातार निगरानी कर रहा है। किसी भी तरह की आपत्तिजनक पोस्ट या भड़काऊ बयानबाजी पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित