अलवर , अक्टूबर 26 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ में सरहेटा गांव के समीप सोमवार सुबह लगी आग ने देर शाम तक विकराल रूप धारण कर लिया।
पहाड़ी पर सूखी झाड़ियों में लगी आग हवा के साथ फैलते हुए सरहेटा और बर्डोद की पहाड़ियों से करीब तीन किलोमीटर दूर गोहा की पहाड़ी तक पहुंच गई। आग की लपटों को देखकर आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। आग पर काबू पाने के लिए प्रशासन, वन विभाग और दमकल के दल कई घंटों तक मशक्कत करती रहे। देर रात आग बुझाने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के दल को मौके पर बुलाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्वाह्न करीब 10 बजे सरहेटा की पहाड़ी पर अज्ञात कारणों से सूखी झाड़ियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, वन विभाग और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने भी टहनियों और पानी की मदद से आग बुझाने में सहयोग किया। दिनभर की मशक्कत के बाद सरहेटा और बर्डोद की पहाड़ियों के करीब ढाई किलोमीटर क्षेत्र में फैली आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तेज हवाओं और सूखी घास के कारण आग आगे फैलती रही।
देर शाम आग गोहा की पहाड़ी तक पहुंचने की सूचना मिलने पर अधिकारियों में फिर हलचल मच गई। मौके पर दो दमकल गाड़ियां तैनात की गईं। वन विभाग के रेंज अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अंधेरा होने के कारण आग बुझाने में परेशानी आने पर एनडीआरएफ और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) को बुलाया गया।
तहसीलदार आशीष शर्मा ने बताया कि सुबह आग लगने की सूचना मिलते ही दल मौके पर पहुंच गया था। ग्रामीणों के सहयोग से सरहेटा और बर्डोद की पहाड़ियों पर आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन देर शाम गोहा की पहाड़ी तक आग फैलने की सूचना मिली। आग बुझाने के प्रयास जारी हैं। एनडीआरएफ के सहयोग से शेष हिस्से में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित