अलवर , मई 29 -- राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ में नगरपालिका के ठेका सफाई कर्मचारियों का आठ सूत्रीय मांगों को लेकर कार्य का बहिष्कार शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रहा।

हड़ताल के कारण कस्बे में सफाई व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गयी है। सफाई कार्मिकों ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) सीमा मीना को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसके बाद सफाई कार्मिकों ने कस्बे के मुख्य मार्गों पर नारेबाजी करके प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए सफाई कार्मिक रैली के रूप में हाथों में झाड़ू एवं तख्तियां लेकर कस्बे के गणेश पोल से चौपड़, कांकवाड़ी एवं सराय बाजार होते हुए उपखण्ड कार्यालय पहुंचे।

वाल्मीकि सेना के दुर्गेश खरारा, विनोद कुमार, शेखर ने बताया कि नगरपालिका राजगढ़ के ठेका सफाई कर्मचारियों को समय पर नियमित भुगतान नहीं मिल रहा हैं और न ही सफाई कर्मचारियों को न्यूनतम मजदूरी मिल रही हैं। साप्ताहिक अवकाश भी नहीं दिया जा रहा है।

इस मौके पर सैकड़ों महिला-पुरुष सफाई ठेका कार्मिक मौजूद रहे। सफाई कार्य बंद रहने के कारण गली-मौहल्लों में जगह-जगह कूडे़-कचरे के ढेर लगे हुए हैं और नालियां कीचड़ से अटी हुई पड़ी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित