अलवर , मई 20 -- राजस्थान में अलवर नगर निगम एवं नगर विकास न्यास (यूआईटी) के दस्ते ने बुधवार को शहर में रोड नंबर दो पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आगे अतिक्रमण नहीं हटाने पर निगम की अधिकारी ने कहा कि यूआईटी तहसीलदार आने वाले हैं। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कुछ दुकान मालिकों ने वैध दस्तावेज होने का दावा किया। निगम के अफसरों के सामने एक दुकानदार ने कहा कि जो कागज भाजपा नेता के पास हैं वे मेरे पास भी हैं, लेकिन मेरी दुकान के आगे की दीवार एवं रैंप तोड़ दिये गये।
यूआईटी के सामने कूलर पंखे का कारोबार करने वाले व्यापारी प्रवीण गोयल ने कहा कि उसकी दुकान के आगे की जगह नगर निगम से खरीदी हुई है, उसके कागज भी हैं। जो निगम के अधिकारियों को दिखाए। लेकिन उसकी दुकान के आगे का पूरा रैंप एवं दीवार तोड़ दी गई। जबकि उसके आगे की दुकानों के आगे की दीवार को नहीं तोड़ा। पास में ही भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री की दुकान है। उनकी दुकान के आगे के रैंप को नहीं तोड़ा गया। इस पर भाजपा नेता ने कहा कि हमने नियम के अनुसार रैंप बनाया हुआ है। दुकान के आगे अतक्रमण नहीं है। हमारे पास कागज भी हैं। यही कागज यूआईटी एवं निगम के अधिकारियों को दिखाए हैं।
निगम की अतिक्रमण प्रभारी निशा लखानी ने कहा कि अभी कार्रवाई जारी है। हम एक बार दोबारा कागज देखेंगे। जिसके लिए यूआईटी तहसीलदार को अवगत कराया गया है। अभी हम गए नहीं हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित