अलवर , मई 11 -- राजस्थान में अलवर के प्राचीन श्रीत्रिपोलिया महादेव मंदिर में सोमवार को 'सोमनाथ पर्व' श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया।

राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग के निर्देशों के तहत आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में सुबह से देर शाम तक धार्मिक अनुष्ठानों, पूजा-अर्चना और भक्ति आयोजनों का दौर चलता रहा। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण शिवमय बना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह महिला मंडल की ओर से निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुई। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने मथुराधीश मंदिर से त्रिपोलिया महादेव मंदिर तक कलश यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारों के साथ भक्ति गीत गाते हुए माहौल को भक्तिमय बना दिया।

दोपहर में मंदिर में रुद्राष्टाध्यायी पाठ एवं भगवान शिव का विशेष अभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान सोमनाथ का पूजन करके सुख-समृद्धि की कामना की। शाम को भगवान सोमनाथ की आकर्षक विशेष झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर परिसर में आयोजित महाआरती में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए और पूरा परिसर 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज उठा।

आयोजन के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से श्रद्धालुओं को सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के सजीव दर्शन भी कराए गए। वहीं रात्रि में भगवान का दुग्धाभिषेक, शयन आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न होंगे।

मंदिर महंत जितेंद्र खेड़ापति ने बताया कि श्रद्धालुओं की आस्था और सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन को लेकर मंदिर प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित